कुंड। जिला प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-11 (रेवाड़ी-अटेली मार्ग) पर शनिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान पाली से माजरा तक अवैध निर्माण को हटाया गया।
अभियान के दौरान अवैध रूप से बनाए गए स्थायी निर्माण, अस्थायी खोखे, ढाबे, होटल, होटलों के अनधिकृत प्रवेश मार्ग, पेट्रोल पंपों के अवैध एक्सेस और राष्ट्रीय राजमार्ग की सीमा के भीतर किए गए अन्य अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के लिए जेसीबी, क्रेन और अन्य मशीनरी का उपयोग किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा, सुगम यातायात और भविष्य की विकास परियोजनाओं को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया। राजमार्ग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के दौरान एनएचएआई की परियोजना टीम से इंजीनियर मोहित शर्मा, इंजीनियर राहुल, मैनेजर सुनील, रोड लिंक के प्रोजेक्ट मैनेजर धर्मेंद्र चौधरी, कंट्रोल रूम अधिकारी कालूराम, पंकज और अनीश सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं पुलिस विभाग की ओर से एसआई सुरेंद्र और उनकी टीम ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।