रेवाड़ी। जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। प्रवेश पोर्टल पर तकनीकी समस्या के कारण विद्यार्थियों को आवेदन करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद से ही पोर्टल पर सभी ट्रेड दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे विद्यार्थी अपनी पसंदीदा ट्रेड का चयन नहीं कर पा रहे हैं। कई अभ्यर्थी मजबूरी में पोर्टल पर उपलब्ध ट्रेडों में ही आवेदन भर रहे हैं, जबकि कुछ विद्यार्थी सभी ट्रेड दिखाई देने का इंतजार कर रहे हैं। इसका असर आवेदन प्रक्रिया पर भी पड़ा है।
दो जून से आवेदन शुरू होने के बावजूद अब तक करीब 35 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने ही आवेदन किया है। महिला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यह समस्या पहले दिन से ही बनी हुई है।
कई विद्यार्थियों ने इसकी शिकायत भी दर्ज कराई है। इसके बाद संबंधित विभाग और पोर्टल संचालकों को समस्या से अवगत कराया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सोमवार से पोर्टल पर सभी ट्रेड दिखाई देने लगेंगे, जिससे विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि तकनीकी समस्या को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने की भी संभावना है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी का नुकसान न हो और सभी को अपनी पसंद की ट्रेड में आवेदन करने का अवसर मिल सके।
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जिले के सभी सरकारी और निजी आईटीआई में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। यहां आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेज अपलोड करने और अन्य आवश्यक जानकारी संबंधी सहायता प्रदान की जा रही है। हेल्प डेस्क पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विद्यार्थी मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
-
विभिन्न ट्रेडों की कुल 5332 सीटों पर होंगे दाखिले
जिले में संचालित 23 सरकारी एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में विभिन्न ट्रेडों की कुल 5332 सीटों पर दाखिले होंगे। तकनीकी और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के प्रति युवाओं का बढ़ता रुझान देखते हुए आने वाले दिनों में आवेदन संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। जिले के 10 सरकारी आईटीआई संस्थानों में कुल 2832 सीटें उपलब्ध हैं, जबकि निजी आईटीआई में करीब 2500 सीटें हैं। सरकारी संस्थानों में सबसे अधिक 620 सीटें राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रेवाड़ी में निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा कुंड-मनेठी में 464, कोसली में 440, बेरली कलां में 368, महिला आईटीआई रेवाड़ी में 240, सहारनवास में 220 तथा खरखड़ा और टांकड़ी में 196-196 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं लेदर एवं फुटवीयर आईटीआई रेवाड़ी में 40 और सैनिक परिवार भवन आईटीआई रेवाड़ी में 48 सीटें निर्धारित की गई हैं।
-
ऑनलाइन आवेदन के लिए ये दस्तावेज जरूरी
ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को 10वीं और 12वीं की अंकतालिका, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, पासपोर्ट आकार फोटो, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र, हरियाणा निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र तथा चरित्र प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।
_______
वर्जन:
प्रवेश पोर्टल पर सभी ट्रेड दिखाई नहीं देने की समस्या की जानकारी विभाग को दे दी गई है। कई अभ्यर्थियों ने भी इसकी शिकायत की है। उम्मीद है कि सोमवार तक तकनीकी समस्या का समाधान हो जाएगा और सभी ट्रेड पोर्टल पर प्रदर्शित होने लगेंगे। - सुरेंद्र सिंह, प्राचार्य, महिला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान