शहर के बाजारों और अन्य स्थानों पर अतिक्रमण और टूटी सड़कों से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा हुआ है। बरसाती पानी की कोई व्यवस्था न होने से शहर की सड़कें बुरी तरह खस्ताहाल हो गई हैं, ऐसे में शायद ही कोई सड़क हो जहां 20 किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा की रफ्तार दोपहिया या चार पहिया वाहनों की हो। वहीं शहर के मुख्य बाजारों में अतिक्रमण पूरी तरह पैर पसारे हुए है। ऐसे में प्रशासन के दावे पूरी तरह से हवा में ही दिखाई दे रहे हैं। एक रिपोर्ट...
घंटेश्वर मंदिर के पास सिर्फ अतिक्रमण
शहर के मुख्य बाजारों में शुमार है घंटेश्वर मंदिर के आसपास का एरिया। शहर की व्यस्ततम मार्केट यहीं पर हैं। चाहे गुड़ बाजार हो, पंजाबी मार्केट, गोकल गेट बाजार, जीवली बाजार या फिर मोती चौक मार्केट। आसपास के एक किलोमीटर में मुख्य मार्केट यहां पर हैं। खास बात यह है कि नगर परिषद के नियमों की सबसे ज्यादा धज्जियां भी यहीं पर उड़ती हैं। दुकान का सामान दोनों तरफ से सड़कों के बीचों-बीच तक आ जाता है।
गड्ढ़ों से भरे हो गए चौक-चौराहे
बरसाती पानी की निकासी के प्रशासन के दावे पूरी तरह फेल दिखाई दिये। जगह-जगह पानी भरने से पहले से ही गुणवत्ता की कमी से जूझ रहीं सड़कों की कलई खुल गई और अप्रोच रोड तो छोड़िए शहर की मुख्य सड़कें भी गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। महाराणा प्रताप चौक, आईओसी चौक, नाईवाली चौक के पास रोड़ियां ही चौराहों की पहचान बनी हुई हैं। वही महाराणा प्रताप चौक से अनाज मंडी की ओर जाने वाली और इसी चौक से बावल की ओर जाने वाली सड़कों पर तो गड्ढे इतने गहरे हैं कि कई बार दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
बाइक समेत गिरकर मौत के मुंह तक पहुंचा है युवक
-दो दिन पहले ही बाईपास के किनारे दक्ष प्रजापति चौक के पास एक युवक प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा उठा चुका है। हालात ये थे कि सड़क किनारे सात फिट से ज्यादा का गड्ढ़ा था। बरसात होने के कारण पानी भरा हुआ था और जितेंद्र नामक युवक बाइक समेत उस गड्ढ़े में गिर गया। युवक डूबने ही वाला था कि आसपास के लोगों ने उसे किसी तरह बचाया।
---------
कच्चे हों या पक्के अतिक्रमण सभी को हटाया जाएगा। अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्रशासन कार्रवाई के लिए पूरी तरह से तैयार है।
-मनोज यादव, ईओ, नगर परिषद
---------
बरसाती पानी की निकासी के लिए मुख्य सड़कों के पास नाले साफ करवाए गए थे। वहीं जिन सड़कों और चौक-चौराहों की हालत खराब हो गई है, उन्हें भी जल्द दुरुस्त कराएंगे।
-डॉ.यश गर्ग, उपायुक्त, जिला रेवाड़ी