रेवाड़ी। वन स्टॉप सेंटर (सखी) में कार्यरत कर्मचारियों को छह महीने से मानदेय नहीं मिला से जिससे उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारी बच्चों की फीस नहीं जमा कर पा रहे हैं। कर्मचारियों को दुकानदारों ने उधार में राशन देना बंद कर दिया है।
सेंटर में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत सतीश कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी बीमार है और उसके इलाज का खर्च उठाना भी मुश्किल हो गया है। कर्ज लेकर पत्नी का इलाज करवाना पड़ रहा है। वहीं, बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं होने से उनकी पढ़ाई को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
कहा कि दुकानदार ने भी अब उधार में राशन देने से मना कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन छह महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने परिवार का खर्च चलाना भी बड़ी चुनौती बन गया है।
वन स्टॉप सेंटर की इंचार्ज ललिता कालरा ने बताया कि कर्मचारियों को पिछले छह महीनों से वेतन नहीं मिला है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कर्मचारियों की फरियाद नहीं सुनी गई है।