रेवाड़ी। प्रदेश सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और स्वावलंबन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण की शुरुआत कर दी है। योजना के इस नए चरण में पात्रता के दायरे को बढ़ाते हुए अब 1.80 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी शामिल कर लिया गया है। इस योजना का लाभ मिलने के बाद भी उनके सारे सरकारी लाभ जारी रहेंगे।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि इस योजना के तहत पात्र लाभार्थी महिलाओं को प्रति माह 2100 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खातों में (डीबीटी के माध्यम से) ट्रांसफर की जाएगी। योजना के दूसरे चरण के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया पूरे प्रदेश में शुरू की जा चुकी है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र महिलाएं आवेदन कर सकती हैं।
आवेदन की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए डिजिटल एवं ऑफलाइन दोनों माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। डिजिटल माध्यम से पात्र महिलाएं अपने स्मार्टफोन पर लाडो लक्ष्मी योजना ऐप डाउनलोड कर घर बैठे अपना पंजीकरण कर सकती है।
इसके अलावा, जो महिलाएं ऑफलाइन माध्यम से आवेदन करना चाहती हैं, वे अपने नजदीकी समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, सीएससी सेंटर या जिला में आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु शिविर में उपलब्ध सहायता काउंटरों के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।
डीसी ने जिला की सभी पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे योजना की पात्रता सुनिश्चित करने के बाद बिना किसी देरी के अपना पंजीकरण करवाएं और योजना के तहत मिलने वाली 2100 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता का लाभ उठाएं।