धारूहेड़ा। जिला नगर योजनाकार की टीम ने बुधवार को शहरी क्षेत्र/नियंत्रित क्षेत्र धारूहेडा में बने हुए अवैध निर्माण को तोड़ा। राजस्व संपदा महेश्वरी में 75 मीटर पेरीफेरी रोड पर लगभग 2 एकड़ में अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनी की चहारदीवारी, प्रोपर्टी डीलर कार्यालय व कच्चे रोड नेटवर्क को तोड़ा गया।
जिला प्रशासन की तरफ से नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में पुलिस बल की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई। जिला नगर योजनाकार मंदीप सिंह सिहाग ने लोगों से अपील की है कि नियंत्रित क्षेत्र/शहरी क्षेत्र में कोई भी अवैध निर्माण न करें। किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले सरकार के नियमानुसार अनुमति लें। अवैध काॅलोनी काटने वाले आम जन को झूठे सब्जबाग दिखाकर खाली भूमि पर प्लाट बेच देते हैं। इससे सामान्य जनता को तब पता चलता है जब उस स्थल पर अवैध निर्माण शुरू करने पर कार्यवाही की जाती है।