लोगों की समस्या सुनते डीएसपी विद्यानन्द। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। जाटूसाना थाने में रविवार को आयोजित शिकायत निवारण शिविर में डीएसपी कोसली विद्यानंद ने विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए। कुछ मामलों का समाधान भी कराया।
शिविर में भूमि विवाद, दुर्घटना, पारिवारिक विवाद, लंबित आपराधिक मामलों, पुलिस जांच समेत अन्य मामले आए। शिकायतकर्ताओं को उनके मामलों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया और जांच में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान लोगों को नशे से दूर रहने और युवाओं को खेल के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। साइबर अपराध से बचाव के बारे में भी बताया गया। बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की वित्तीय साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा 112 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।