अदालत से पासपोर्ट चोरी के मामले में भिवाड़ी निवासी आरोपी डॉ. रविरंजन ने वीरवार को एसीजेएम की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।
जानकारी देते हुए मॉडल टाउन थाना इंचार्ज बिजेंद्र कुमार ने बताया कि गत दिवस आरोपी को अदालत से 4 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। उन्होंने बताया कि डॉ. रविरंजन के खिलाफ गुरुग्राम निवासी सतपाल चौहान ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। यह मामला अदालत में विचाराधीन था।
सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार आरोपी ने स्थानीय अदालत में अपना पासपोर्ट जमा कराया था। कोर्ट की फाइल की जांच की तो उसमें से पासपोर्ट गायब था और पासपोर्ट साइज की एक कोरी डायरी मिली थी। इस पासपोर्ट को इस्तेमाल करते हुए डॉ. रवि रंजन को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर अधिकारियों द्वारा पकड़ लिया गया था। 9 अप्रैल 2017 को डीएसपी मोहम्मद जमाल की शिकायत पर माडल टाउन थाना में डॉ. रविरंजन के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज की गई थी। पुलिस भी आरोपी डॉक्टर की तलाश कर रही थी। बृहस्पतिवार को आरोपी डॉक्टर रविरंजन ने एसीजेएम की अदालत में आत्मसमर्पण किया था। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ में लिए 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।