फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: जिलास्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिताओं का आगाज, ताइक्वांडो में बालिकाओं ने दिखाया दम

Sat, 25 Jul 2026 11:29 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भाग लेते प्रतिभागी। स्रोत : विभाग
विज्ञापन
रेवाड़ी। जिलास्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ शनिवार को हुआ। पहले दिन अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की बालिका खिलाड़ियों ने जीडी गोयनका स्कूल में आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में दमखम दिखाया।
विज्ञापन

खिलाड़ियों और टीम प्रभारियों को सुबह साढ़े आठ बजे तक आयोजन स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के दस्तावेजों की जांच की गई।
इसके लिए विद्यालय से प्रमाणित चयन सूची, आयु प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पिछली कक्षा की अंकतालिका तथा पासपोर्ट आकार के फोटो सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया था।
विज्ञापन

दस्तावेजों का सत्यापन पूरा होने के बाद विभिन्न भार वर्गों में मुकाबलों की शुरुआत हुई। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने तकनीकी कौशल, आत्मविश्वास और खेल भावना का परिचय दिया। चयन समिति ने सभी मुकाबलों पर नजर रखते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों का चयन किया।
चयन समिति के सदस्यों ने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच हैं। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने की सलाह दी। उनका कहना था कि जिला स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।

इन खिलाड़ियों ने बनाई जिला टीम में जगह
अंडर-14 वर्ग में जीपीएस निठौरा, जीएसएसएस सुठाना, जीएसएसएस जाटूसाना, जीएसएसएस डहीना, जीएसएसएस बोलनी तथा आरपीएस स्कूल के खिलाड़ियों का चयन हुआ। वहीं अंडर-17 वर्ग में जीएसएसएस निठौरा, जीएसएसएस प्राणपुरा, जीएसएसएस सीहा, जीएसएसएस सुठाना, जीएसएसएस रोहड़ाई, जीएसएसएस रोहतकिया और यूरो इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों ने जिला टीम में स्थान बनाया। अंडर-19 वर्ग में आदर्श टॉपो स्कूल, दिव्यांशी स्कूल, राव भारत सिंह पब्लिक स्कूल, एमडीएस स्कूल, जीएसएसएस डहीना, जीएसएसएस निठौरा और जीएसएसएस बोलनी के खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया तकनीकी अधिकारियों व चयन समिति की देखरेख में पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।

कल होंगे इन खेलों के मुकाबले
सोमवार को जिम्नास्टिक, बैडमिंटन, कुश्ती और टेबल टेनिस की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिम्नास्टिक के मुकाबले आरपीएस बीएमजी, बैडमिंटन प्रतियोगिता राज इंटरनेशनल स्कूल, कुश्ती स्पर्धा जीएमएस खेड़ा मुरार और टेबल टेनिस प्रतियोगिता आरटीआर स्टेडियम में आयोजित होगी।

वर्जन :

जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हो गया है। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए अलग-अलग खेल स्थलों पर बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। खिलाड़ियों की सुविधा, अनुशासन और मुकाबलों में निष्पक्ष निर्णय प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी प्रतियोगिताएं सुचारु रूप से जारी रहेंगी।-भूपेंद्र यादव, एईओ
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें