रेवाड़ी। खेल विभाग की ओर से 10 से 13 जून तक पंचकूला में राज्य स्तरीय कुश्ती अखाड़ा प्रतियोगिता तथा महिला व पुरुष वर्ग में कुमार व केसरी दंगल का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल व ग्रीको रोमन में अंडर-17, जूनियर व सीनियर वर्ग में अनेक भार वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
कार्यवाहक जिला खेल अधिकारी ममता ने बताया कि राज्यस्तरीय कुश्ती अखाड़ा प्रतियोगिता तथा कुमार व केसरी दंगल प्रतियोगिता के लिए जिलास्तर पर अखाड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 3 जून से 4 जून तक खेल स्टेडियम बावल में कराया जाएगा।
खिलाड़ियों का वजन 3 जून को सुबह 7 से 9 बजे तक लिया जाएगा तथा वजन में किसी प्रकार की छूट नहीं होगी। एक पहलवान एक ही स्टाइल व एक ही वजन की कुश्ती में भाग ले सकता है। भार वर्ग के अलावा कुमार व केसरी खेल सकता है।
प्रतियोगिता के लिए सभी को अपना आधार कार्ड, रिहायशी प्रमाण पत्र, बिजली का बिल व ड्राइविंग लाइसेंस लाना अनिवार्य है। पुरुषों के अनेक भार वर्ग में अंडर-17 फ्री स्टाईल, अंडर-17 ग्रीको रोमन जूनियर, अंडर-21 फ्री स्टाईल जूनियर, अंडर-21 ग्रीको रोमन, सीनियर फ्री स्टाईल व सीनियर ग्रीको रोमन कुश्ती कराई जाएगी तथा महिला भार वर्ग में अंडर-17 जूनियर, अंडर-21 व सीनियर महिला वर्ग की कुश्तियां आयोजित की जाएंगी।