रेवाड़ी। लघु उद्योग भारती की चोपानकी इकाई की बैठक शनिवार को अध्यक्ष विमल पंडित की अध्यक्षता में हुई। बैठक का शुभारंभ संगठन मंत्र के सामूहिक गायन से हुआ। इसमें औद्योगिक क्षेत्र की स्वच्छता, सड़क, बिजली, सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण और सौर ऊर्जा सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
उद्यमियों ने रीको के समन्वय से मलबा हटाने, नालियों की सफाई और कचरा उठाने की व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर दिया। सड़क मरम्मत के लिए गड्ढों की तस्वीरें अधिकारियों तक पहुंचाने और जीआरएपी प्रतिबंध हटने के बाद सड़क कारपेटिंग कराने की योजना पर भी विचार हुआ। विद्युत व्यवस्था सुधारने और जीएसएस की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता जताई गई। औद्योगिक क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग भी उठाई गई।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए अरुण शर्मा और इकाई सचिव नवीन सिंह ने फैक्टरियों में स्वच्छता, औद्योगिक अपशिष्ट के उचित प्रबंधन और दूषित पानी का बाहर निकास रोकने की अपील की।
बैठक में विमल पंडित, एलएन गुप्ता, नवीन सिंह, अनूप केडिया, राजेश गुप्ता, दीपक शुक्ला, अरुण शर्मा सहित अन्य उद्यमी मौजूद रहे।