नेशनल लोक अदालत के संबंध में अधिकारियों को निर्देश देते सीजेएम अमित वर्मा। स्रोत : प्रशासन
रेवाड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अमित वर्मा ने वीरवार को आगामी नेशनल लोक अदालत की सफलता को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
सीजेएम अमित वर्मा ने बैठक में अधिकारियों से कहा कि 14 मार्च को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा केस रखे जाएं जिससे आम नागरिकों को लोक अदालत का लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि जिला एडीआर सेंटर में स्थापित परमानेंट लोक अदालत में नेशनल लोक अदालत का आयोजन 12 मार्च को होगा। स्थानीय न्यायिक परिसर, कोसली व बावल उपमंडल में नेशनल लोक अदालत का आयोजन 14 मार्च को किया जाएगा।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि अपने केस नेशनल लोक अदालत में प्रस्तुत करें। यहां कम समय में व्यक्ति को त्वरित न्याय मिलता है।
सचिव अमित वर्मा ने यह भी बताया कि टोल फ्री नंबर 15100 पर कॉल करके फ्री कानूनी सहायता ली जा सकती है। इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी के हेल्पलाइन नंबर 01274-220062 पर भी कोई भी नागरिक कार्यालय समय में निशुल्क कानूनी सलाह ले सकते हैं।