हरिद्वार से राजस्थान के नीमराना जाने के लिए नांगल मूंदी के शिविर में पहुंचे शिवभक्त। संवाद
नांगलमूंदी। सावन के पावन महीने में शिवभक्तों की आस्था और श्रद्धा का अनोखा नजारा देखने को मिला। हरिद्वार से राजस्थान के नीमराना क्षेत्र स्थित डाबड़वास गांव के लिए तीन शिवभक्त 51 लीटर गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। यात्रा के दौरान शिवभक्त भगवान शिव की प्रतिमा को अपने कंधे पर लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
शिवभक्त नांगल मूंदी स्थित कांवड़ शिविर में पहुंचे, जहां उन्होंने कुछ समय विश्राम किया। शिवभक्तों ने बताया कि वे हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने निर्धारित गंतव्य की ओर पैदल यात्रा कर रहे हैं। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर कांवड़ियों के लिए लगाए गए शिविरों में श्रद्धालुओं की सेवा की जा रही है।
शिवभक्तों ने कहा कि सावन में भगवान शिव को गंगाजल अर्पित करने की विशेष मान्यता है। इसी आस्था के साथ वे हरिद्वार से जल लेकर अपने गांव डाबड़वास जा रहे हैं। यात्रा के दौरान वे भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
नांगल मूंदी शिविर में पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने शिवभक्तों का स्वागत किया और उनके लिए भोजन व विश्राम की व्यवस्था की। शिवभक्तों ने शिविर में सेवा कर रहे लोगों का आभार जताया और यात्रा के सफल होने की कामना की।