फोटो : 23सुभाष चन्द्र को विदाई देते शिक्षकगण। स्रोत : स्कूल
रेवाड़ी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बूढ़पुर में जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद्र के सेवानिवृत्ति अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। रेड कार्पेट वेलकम के साथ एनसीसी और स्काउट कैडेट्स ने सलामी देकर उनका स्वागत किया।
सुभाष चंद्र इसी विद्यालय के पूर्व छात्र, लेक्चरर और प्रधानाचार्य रह चुके हैं। वक्ताओं ने कहा कि वे अनुशासनप्रिय, कर्मनिष्ठ और संवेदनशील अधिकारी के रूप में सदैव याद किए जाएंगे। दिव्यांगता के बावजूद उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता, पारदर्शिता और नवाचार को नई दिशा दी।
उनकी मां की उपस्थिति ने समारोह को और भी भावनात्मक बना दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम कुमारी ने कहा कि सुभाष चन्द्र ने शिक्षा विभाग में अपनी निष्ठा और कार्यकुशलता से एक प्रेरक मिसाल कायम की है।
विद्यालय परिवार ने उन्हें दीर्घायु, स्वस्थ और सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं। समारोह में अनेक शिक्षाधिकारी, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।