रेवाड़ी। जिला नगर योजनाकार की टीम ने बुधवार को बावल क्षेत्र में करीब 2 एकड़ में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी में हुए निर्माण को ध्वस्त कराया।
जिला नगर योजनाकार राजेंद्र टी शर्मा ने बताया कि कई दिनों से दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव जयसिंहपुर खेड़ा के पास लगभग 2 एकड़ में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने की शिकायत मिल रही थी। यह कॉलोनी नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के महानिदेशक से अनुमति लिए बिना विकसित की जा रही थी। इसके बाद टीम ने कॉलोनी में 8 डीपीसी, 8 कामर्शियल दुकान को बुलडोजर से ध्वस्त कराया। जिला प्रशासन की तरफ से नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। जिला नगर योजनाकार ने लोगों से अपील की है कि नियंत्रित क्षेत्र, शहरी क्षेत्र में कोई भी अवैध निर्माण न करें। किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले सरकार के नियमानुसार अनुमति लें।
कहा कि अवैध काॅलोनी काटने वाले आम जन को झूठे सब्जबाग दिखाकर खाली भूमि पर प्लाट बेच देते हैं। इससे सामान्य जनता को तब पता चलता है जब उस स्थल पर अवैध निर्माण शुरू करने पर कार्रवाई की जाती है। उस समय जिस व्यक्ति द्वारा वह प्लाट खरीदा गया है वह अपने आपको ठगा हुआ महसूस करता है। इसलिए आम जन से बार-बार यही अपील की जाती है कि किसी भी अवैध कॉलोनी में कोई प्लाट न खरीदें, ताकि आम जन की गाढ़ी कमाई बेकार न जाए। कोई भी व्यक्ति प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता बारे जिला नगर योजनाकार रेवाड़ी कार्यालय से किसी भी कार्य दिवस को छानबीन कर सकता है।