जानकारी देते लोक सेवा मंच साथ में खड़े युवा। स्रोत : संस्था
रेवाड़ी। लोक सेवा मंच के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को अनाज मंडी के पास युवाओं के साथ बैठक की। इस दौरान प्रत्येक वार्ड और सेक्टर में जिम और पुस्तकालय खोलने की मांग की गई।
प्रधान अशोक ने कहा कि लोक सेवा मंच छह माह से गांवों और शहरों में जिम, पुस्तकालय, यूथ क्लब भवन, खेल मैदान, रोजगार नीति और जॉब कैलेंडर जैसी मांगों को लेकर अभियान चला रहा है।
लोक सेवा मंच ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में मांग की है कि हर गांव में जिम और खेल मैदान विकसित किए जाएं। इसके अलावा शहरों के प्रत्येक वार्ड और सेक्टर में भी जिम व पुस्तकालय स्थापित करने की मांग उठाई गई है।
बैठक में युवाओं ने रोजगार के मुद्दे पर भी चिंता जताई। मंच ने राज्य सरकार से एसएससी की तर्ज पर रोजगार कैलेंडर जारी करने, विद्यार्थियों के लिए विशेष बस सेवाएं शुरू करने तथा बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलने तक 20 हजार रुपये प्रतिमाह जॉब्लेस क्लेम देने की मांग की।
अशोक प्रधान ने कहा कि इन मांगों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के संबंधित मंत्रियों तथा प्रधानमंत्री को भी पत्र भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि समाधान होने तक जनसंपर्क अभियान जारी रहेगा। बैठक में महेश कौशिक, नंदलाल यादव और अनिल शर्मा मौजूद रहे।