संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सर्कुलर रोड स्थित धानक धर्मशाला मंदिर बगीची में अशोक खिच्ची की अध्यक्षता में वंचित अनुसूचित जाति की बैठक रविवार को हुई। इसमें सुप्रीम कोर्ट की ओर से एससी वर्ग के वर्गीकरण को लेकर दिए गए फैसले का स्वागत किया गया। हरियाणा सरकार से इसे लागू करने की मांग की गई।
वक्ताओं ने कहा कि समाज को इस बात की खुशी है कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एससी ए को शिक्षा में आरक्षण दिया था। फिलहाल आचार संहिता लगी है, लेकिन सरकार चाहे तो चुनाव आयोग से स्वीकृति लेकर अदालत के इस निर्णय को लागू कर सकती है। सरकार को इस संबंध में अपना पक्ष तुरंत स्पष्ट करना चाहिए। कहा कि डीएससी समाज अदालत के निर्णय को लागू कराने को लेकर पूरी तरह गंभीर है, इसलिए आने वाले चुनाव में वह उस पक्ष की हिमायती बनेगी, जो अपने चुनावी घोषणापत्र में इस निर्णय को लागू कराने का वादा शामिल करेगा। यदि कोई भी दल ऐसा नहीं करता है तो समझा जाएगा कि किसी को भी उनके वोट की जरूरत नहीं है और ऐसी सूरत में डीएससी समाज राज्य की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारेगा। वह किसी भी दल को वोट नहीं करेगा।
वक्ताओं ने कहा कि 22 सिंतबर को जींद में डीएससी समाज की रैली होगी इसमें महत्वपूर्ण फैसला किया जाएगा। बैठक में डीएससी समाज की जिला कमेटी का भी गठन किया गया, जिसमें रामौतार पचेरवाल बव्वा को प्रधान नियुक्त किया गया। बैठक में सुभाष सोलंकी, सुरेंद्र धानक, युवराज बावरिया, रोहताश वाल्मीकी, अजय सरपंच, सुनील कुमार, दयाराम, सत्यवीर इंदौरा, पंकज किराड्, प्रकाश खनगवाल, जानी पचेरवाल, रवि प्रकाश इंदौरा तथा देवेंद्र खरेरा शामिल थे।