फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: नियमित हुईं 13 कॉलोनियों में बिजली, सीवर, पेयजल और दो संपर्क मागों का निर्माण करने की मांग

Mon, 07 Sep 2026 11:32 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
धारूहेड़ा। धारूहेड़ा नगर पालिका के चेयरमैन सत्यनारायण उर्फ अजय जांगड़ा ने शनिवार को मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपकर लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की। चेयरमैन ने 13 कॉलोनियों में विद्युत आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराने, सीवरेज व पेयजल व्यवस्था सुधारने और दो महत्वपूर्ण लिंक रोड का निर्माण का मुद्दा उठाया।
विज्ञापन

चेयरमैन ने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्ष 2023-24 में धारूहेड़ा की 13 कॉलोनियों को नियमित किया गया था, लेकिन नियमित होने के बावजूद इनमें बिजली के पोल, एलटी लाइन, केबल सहित आवश्यक विद्युत सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हैं। इससे हजारों निवासियों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने पर विद्युत विकास कार्यों का खर्च नगर पालिका द्वारा वहन किए जाने की बात कही गई है, जबकि नगर पालिका को इस संबंध में सरकार या उच्च अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश अथवा स्वीकृति प्राप्त नहीं हुई है। चेयरमैन ने मुख्यमंत्री से इस मामले में विभागों के बीच स्थिति स्पष्ट कराकर काम शुरू कराने की मांग की।
विज्ञापन


दस साल से अटके सीवरेज-पेयजल के काम
मांग पत्र में बताया गया कि धारूहेड़ा में सीवरेज और पेयजल लाइनों से जुड़े कई जरूरी कार्य करीब 10 वर्षों से लंबित हैं। लगभग पांच वर्ष पूर्व जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा ड्राइंग और एस्टीमेट तैयार कर स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजे गए थे, लेकिन अभी तक कार्य आगे नहीं बढ़ सके हैं। बढ़ती आबादी को देखते हुए इन कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की गई। चेयरमैन ने धारूहेड़ा के मास्टर प्लान के तहत सेक्टर-1 से सेक्टर-4 तथा सेक्टर-7/बेस्टेक सिटी से सेक्टर-22/23 तक प्रस्तावित लिंक रोड का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के अभाव में मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ रहा है और जाम की समस्या बनी रहती है। चेयरमैन ने मुख्यमंत्री से सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का आग्रह किया, ताकि धारूहेड़ा के लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें और शहर का विकास व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें