बैठक के दौरान चर्चा करते लोक जनसेवा मंच के पदाधिकारी। स्रोत : संस्था
रेवाड़ी। लोक जनसेवा मंच की बैठक शुक्रवार को हरिओम अग्रसेन परिसर में हुई। इसमें शहर के लोगों की समस्याओं पर चर्चा की गई। मंच के प्रधान रमेश मुद्गल ने सर्कुलर रोड, कोर्ट परिसर, डीसी कार्यालय सहित अन्य मार्गों पर नियमित सिटी बसों का संचालन करने की मांग की।
मंच के सदस्यों ने कहा कि नाईवाली चौक, बावल चौक, गढ़ी बोलनी चौक समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक क्यू-शेल्टर और बस स्टॉप बनाए जाने चाहिए। इससे यात्रियों को बसों का इंतजार धूप में नहीं करना पड़ेगा।
कहा कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। संस्था ने निर्णय लिया कि इस संबंध में परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा जाएगा। बैठक में कोर कमेटी सदस्य हरिकिशन शास्त्री, महेंद्र गोयल, रविंद्र मुद्गल और खुशीराम पटवारी मौजूद रहे।