विद्यार्थियों को पुरस्कृत करते डीईईओ प्रदीप कुमार दहिया व स्टाफ। स्रोत : स्कूल
डहीना। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (डीईईओ) प्रदीप कुमार दहिया ने सीहा स्थित सीएम ईईई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिक्षकों व विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में विजेता रहे विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।
निरीक्षण के दौरान दहिया ने विद्यालय में चल रहे निर्माण कार्य, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, मिड-डे मील, खेल परिसर, सदन प्रक्रिया, बालिका मंच, शौचालयों, किचन स्टोर, पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया।
उन्होंने खेल नर्सरी, अर्धवार्षिक परीक्षाओं की रिपोर्ट, अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) और पाठ्यक्रम की प्रगति की जानकारी भी ली।
उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही शिक्षकों से टीमवर्क के साथ कार्य करते हुए नवाचारी शिक्षण पद्धतियों को लागू करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अन्य गतिविधियों में भागीदारी भी जरूरी है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सत्यवीर नाहड़िया, एफएलएन जिला समन्वयक चरण सिंह और विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।