रेवाड़ी। राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच के पदाधिकारियों ने मेगा मिशन-26 जनसंपर्क अभियान के तहत शहर के ऐतिहासिक कानोड गेट क्षेत्र में लोगों से मिलकर जनहित के मुद्दों पर बातचीत की गई। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने जनकल्याणकारी मांगों पर विचार करने की मांग सरकार से की।
अभियान का नेतृत्व राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक व सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान ने किया। उनके साथ महेश कौशिक, बीके राम सिंह, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, डॉ. नरेश सहगल व अभिषेक कुमार मौजूद रहे। क्षेत्र के गणमान्य नागरिक नंदलाल यादव व सुरेश कुमार ने मंच के पदाधिकारियों का स्वागत किया।
वरिष्ठ नागरिकों ने प्रत्येक जिले में डेडिकेटेड सीनियर सिटीजन रेजिडेंशियल सेक्टर, फ्री ओल्ड एज होम, इमरजेंसी सहायता के लिए हेल्पलाइन, निशुल्क मेडिकल सुरक्षा, यात्रा किरायों में 70 प्रतिशत छूट तथा कार्यालयों व न्यायालयों में सीनियर सिटीजन प्रोटोकॉल लागू करने की मांगों को जायज बताया।
अशोक प्रधान ने कहा कि सीनियर सिटीजंस को सामाजिक सुरक्षा देना जनकल्याणकारी राज्य की जिम्मेदारी है। इन मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को पत्र भेजे जाएंगे तथा जनसमर्थन के साथ अभियान जारी रहेगा।