संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जय गुरुदेव आश्रम के पास सड़क के किनारे एक व्यक्ति की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। किसी राहगीर ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि हाईवे को पार करते समय किसी वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। राजस्थान के जिला कोटपूतली के गांव नारेहड़ा निवासी संजय सिंह तंवर ने बताया कि वह किसी काम से यूपी के गाजियाबाद गए थे। लौटते वक्त जब वह कसौला चौक पार कर जय गुरुदेव आश्रम के पास पहुंचे तो एक शख्स खून से लथपथ सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल डॉयल-112 पर दी। इसके बाद कसौला थाना पुलिस की टीम पहुंची। पुलिस ने जांच की तो वह मृत मिला। पुलिस ने शिनाख्त के लिए शव को पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवा दिया है। कसौला पुलिस ने संजय सिंह की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।