संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। डीसी अभिषेक मीणा ने बुधवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की जिलास्तरीय बैठक ली।
डीसी ने कहा कि जिले में विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए जा रहे ओवरब्रिज, सर्विस लेन और अन्य सड़क निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्यों में देरी या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग, एचएसवीपी, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, नेशनल हाईवे पीडब्ल्यूडी और एचएसआईडीसी सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके अधिकार क्षेत्र की सड़कों पर सभी ब्लैक स्पॉट और गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर समाप्त किया जाए। साथ ही टी-प्वाइंट और अन्य संवेदनशील स्थानों पर साइन बोर्ड और स्पीड ब्रेकर लगाने के भी निर्देश दिए।
डीसी ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को विशेष महत्व देते हुए कहा कि स्कूल वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन हो और किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर तुरंत कार्रवाई की जाए।