रेवाड़ी। सर्कुलर रोड पर रेलवे चौक के पास बाइक की टक्कर लगने से साइकिल सवार युवकी मौत हो गई। इस दौरान उसका ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाजार जा रहे थे। हादसे के बाद बाइक सवार भाग निकला। पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी सोनू (30) मंगलवार की शाम अपने मामा के लड़के मनोज (33) के साथ साइकिल से नई आबादी मोहल्ला से निकलकर रेलवे चौक से झज्जर चौक की तरफ जा रहे थे। जब वे सर्कुलर रोड पर रेलवे चौक के पास पहुंचे तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं आरोपी बाइक चालक मौके से भाग निकला गया। राहगीरों में शामिल सोनू के दोस्त सोमदत्त ने घटना की सूचना सोनू के भाई रवि को दी और वाहन का इंतजाम कर दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनोज की हालत गंभीर बनी हुई है। सिटी पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।