राजीव नगर में वैक्सीनेशन को लेकर लगी लंबी कतार।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। सरकारी नौकरियों की परीक्षाओं में वैक्सीन सर्टिफिकेट अनिवार्य करने से जिले के हर स्वास्थ्य केन्द्रों पर युवाओं की भीड़ उमड़ रही है। रोजाना अलसुबह ही केन्द्रों के सामने लंबी कतारें लग जाती हैं। लोग चिकित्सकों पर अपने चहेतों को प्राथमिकता देने के आरोप भी लगा रहे हैं।
मंगलवार को शहर के राजीव नगर स्थित पीएचसी में वैक्सीन लगाने व कोरोना जांच का सैंपल लेने का कार्य जारी है। जिसे लेकर सुबह से ही लोग कतार में खड़े हो जाते हैं। एक ही सेंटर पर दोनों कार्य होने पर लोगों में कोरोना फैलने का भी डर बना हुआ है। मोहल्ले के अमित सैनी, राजेन्द्र, संदीप, नानक सिंह, आशा देवी, शारदा देवी, हरिओम सैनी, सुरेन्द्र का कहना है कि यहां घनी आबादी वाले क्षेत्र में एक निजी मकान में पीएचसी सेंटर चल रहा है। जिससे आसपास के लोगों को डर बना हुआ है और यहां के अधिकतर लोग संक्रमित भी हो चुके हैं। पर्याप्त जगह न होने के बावजूद भी पीएचसी में सैंपलिंग व वैक्सीनेशन का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट अनिवार्य करने के चलते सैकड़ों युवा इस पीएचसी पर पहुंच रहे हैं। लंबी कतार के चलते लोगों को इस गली में आवागमन करने से भी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से एक बार फिर पीएचसी को स्थानांतरण करने व जब तक स्थानांतरित नहीं हो जाती उचित व्यवस्था बनाने की मांग की है।