संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिला न्यायालय में फौजदारी के मुकदमे 15 जून तक सुने जाएंगे। इसके बाद सिर्फ जमानत और मुल्जिमों की पेशी होगी। 15 जून के बाद कोर्ट बंद हो जाएंगे।
सत्र न्यायाधीश गुरुविंद्र सिंह वाधवा ने छुट्टी में आवश्यक मामलों की सुनवाई के लिए बावल, कोसली और रेवाड़ी कोर्ट में अलग-अलग न्यायिक अधिकारियों को अधिकृत किया है।
छुट्टियों के कारण अधिवक्ताओं ने भ्रमण पर निकलने की तैयारी शुरू दी है। सिविल कोर्ट 1 जून से बंद है। जिला दीवानी अदालत में छुट्टी के कारण अति विशिष्ट मामलों की सुनवाई की जा सकती है।
आवश्यक मामलों की सुनवाई के लिए न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति की गई है जो केवल अवकाश के दौरान कामकाज संभालेंगे। रेवाड़ी न्यायिक परिसर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अंकिता शर्मा 16 से 20 जून और जतिन गर्ग 23 जून से 30 जून तक कोर्ट का कार्य करेंगे।
निचली अदालतों की सुनवाई के लिए सिविल जज वरिष्ठ खंड योगेंद्री 16 से 30 जून, आदित्य सैनी सिविल जज जूनियर डिवीजन 16 से 30 जून तक कार्यरत रहेंगे।
बावल में प्रदीप कुमार सिविल जज जूनियर डिवीजन और कोसली में अशोक कुमार 16 जून से 30 जून तक कार्यभार संभालेंगे। वर्तमान में जिला न्यायालय में 10 जिला सत्र न्यायाधीश सहित अतिरिक्त जिला सत्र न्यायाधीश एवं 8 निचली अदालत के जज कार्यरत हैं।
छुट्टी के चलते केवल दो जज ही कार्यरत रहेंगे। इसके साथ ही बावल एवं कोसली में दो-दो जज कार्यरत हैं जबकि छुट्टी के दिन एक-एक जज कार्यरत रहेंगे।