जौहरियों के पास नकली बिस्कुट गिरवी रखकर चूना लगाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक रोहतक का रहने वाला है और रेवाड़ी में रह रहा था। पुलिस ने गिरफ्तार करने के साथ ही आभूषण और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मॉडल टाउन निवासी अमरजीत ने पुलिस को शिकायत दी थी कि मूल रूप से रोहतक के करौंथा और हाल में विजय नगर निवासी आनंद धनखड़ ने अक्तूबर महीने में उसके पास सोने के बिस्कुट और चेन गिरवी रखकर एक लाख पांच हजार रुपये उधार लिए थे।
तय समय पर उसने तकादा किया तो अमरजीत ने राशि लौटाने से इन्कार कर दिया। उसने गिरवी रखी सोने की चेन और बिस्कुट चेक कराए तो नकली मिले।
अक्तूबर में आरोपी आनंद उसकी दुकान पर आया और दो सोने के बिस्कुट गिरवी रखकर 40 हजार रुपये ले गया। उसके बाद दीवाली के दो दिन पहले दुकान पर आया और सोने के तीन बिस्कुट और गिरवी रखकर 65 हजार रुपये और ले गया था।
जानकार था, घर से दबोचा
अमरजीत की कुछ समय पहले ही आनंद धनखड़ से जान-पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों में अच्छी दोस्ती हो गई। यहां तक कि अमरजीत उसका घर-ठिकाना भी जान गया था।
आनंद को यह अंदाजा नहीं था कि कि अमरजीत इतनी जल्दी चेन और सोने के बिस्कुट चेक करा लेगा। इस कारण वह घर पर ही था, इसलिए उसे पुलिस ने दबोचा लिया।
कई और जगह भी लगाया है चूना
पूछताछ में आरोपी आनंद ने बताया है कि वह पहले भी शहर के कई स्वर्णकारों के पास नकली सोने के बिस्कुट और चेन गिरवी रखकर ठगी कर चुका है। एसपी बलवान सिंह राणा ने बताया कि आरोपी से जांच के दौरान कई अन्य वारदात का खुुलासा हो सकता है। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।