उपमंडल के गुगोढ गांव में शनिवार रात एक व्यक्ति की खेतों में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पहुंची कोसली पुलिस ने सामान्य कार्रवाई कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक सूबे सिंह पेड़ों की खरीदकर उन्हें काट कर लकड़ी बिक्री का काम करता था। शनिवार को दिन में लकड़ी काटने की बात कहकर घर से गया था। रात लगभग 8 बजे गांव के किसी व्यक्ति ने उनके घर सूचना दी कि सूबे सिंह अचेत अवस्था में खेत में पड़ा है।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे कोसली अस्पताल ले आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। परिजनों ने इस संबंध में कोई शिकायत नहीं दी है। अस्पताल की ओर से सूचना मिलने के बाद पहुंची कोसली थाना पुलिस ने सामान्य कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम करा परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।