रेवाड़ी/कोसली। बेखौफ चोरों की गतिविधियां जिले में लगातार जारी हैं। जिले के कोसली और अजय नगर में घरों को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अजय नगर निवासी विक्रम शर्मा शनिवार रात अपने परिवार के साथ घर की छत पर सोया हुआ था। पीछे से चोर दीवार फांदकर उसके घर में घुस गए। चोरों ने एक कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये की नकदी और एक सोने की चेन चोरी कर ली। सुबह घर का सामान बिखरा देख उन्हें चोरी का आभास हुआ। वहीं कोसली गांव में चोरों ने सूने पड़े एक मकान का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी 35 हजार रुपये की नकदी व कागजात तथा सामान चोरी कर लिया। मकान का मालिक घीसाराम दवाई लेने के लिए शहर से बाहर गया हुआ था। वापस लौटा तो मकान का ताला टूटा हुआ मिला। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।