फरवरी महीने में झज्जर रोड स्थित पुष्प वाटिका से बाइक चोरी करने और चोरी की बाइक चलाने के मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। बाइक महेंद्रगढ़ पुलिस ने इंपाउंड की थी। जिसके बाद जांच में मामला सामने आने पर आरोपी गिरफ्तार हुए।
आरोपियों की पहचान महेंद्रगढ़ के गांव सिरोहा निवासी बिजेंद्र उर्फ बाबू, कनीना निवासी संदीप उर्फ जांगड़ा, ककराला निवासी राजकुमार उर्फ बाबू, कनीना निवासी सचिन उर्फ चवन्नी, मालदा सराय निवासी सुकेश कुमार व कनीना निवासी प्रवीण के रूप में हुई हैं।
पुलिस प्रवक्ता दीनदयाल ने बताया कि 22 फरवरी को मोहल्ला मेहरवाड़ा निवासी राजेश की मोटरसाइकिल झज्जर रोड पर पुष्प वाटिका के सामने से चोरी हो गई थी। चोरी की गई मोटरसाइकिल को कुछ दिन पूर्व महेंद्रगढ़ पुलिस ने इंपाउंड किया था। जांच में पता चला कि यह रेवाड़ी से चोरी की गई है।
रेवाड़ी पुलिस ने महेंद्रगढ़ से मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। गिरफ्तारी के बाद पता चला कि बिजेंद्र, संदीप व सचिन मोटरसाइकिल चोरी की वारदात में शामिल थे। जबकि राजकुमार, प्रवीण व सुकेश चोरी की मोटरसाइकिल का प्रयोग कर रहे थे।