सेल्समैन के सीने में गोली मारी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बाइक से आए तीन बदमाशों ने बुधवार को मालाहेड़ा स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन से बियर मांगी और फिर लूटने की नियत से तमंचे तान दिये। मालिक को फोन करता देख बदमाशों ने सेल्समैन के सीने में गोली उतार दी और मौके से फरार हो गये। फिलहाल घायल सेल्समैन का गुड़गांव के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं धारूहेड़ा थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ठाकरान वाईंस के मालाहेड़ा स्थित शराब के ठेके पर कार्यरत सेल्समैन बुधराम व एक अन्य कर्मचारी मनोज बुधवार की रात ठेके पर ही बैठकर खाना खा रहे थे। इस दौरान एक बाइक पर सवार होकर आए 3 बदमाशों ने उन्हें लूटने की कोशिश की और नकदी नहीं देने पर सेल्समैन बुधराम की छाती में गोली मार दी।
गोली उसके शरीर से आर-पार हो गई। देर रात ही उसे रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां से उसे गुड़गांव के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया। ठेके पर कार्यरत मनोज ने बताया कि घटना रात्रि करीब साढ़े 12 बजे की है। बदमाशों ने आते ही बीयर मांगी। जैसे ही बुधराम बीयर देने के लिए उठा उसी दौरान तीनों बदमाशों ने कट्टे तान दिए। बुधराम ने जब मालिक को फोन करने की कोशिश की तो बदमाशों ने उसकी छाती में गोली दाग दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए।
तय समय के बाद कैसे दे रहे थे शराब
इस घटना ने देर रात तक जिले में शराब बिकने की बात को भी पुख्ता कर दी। साथी सेल्समैन ने पुलिस को भी बताया कि रात करीब बारह बजे की घटना के वक्त बदमाशों ने बियर मांगी थी और बुधवार बियर देने ही वाला था कि तभी यह घटना हुई। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि आखिर तय समय के इतने बाद तक शराब किसकी शह पर बिक रही थी।
लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही बदमाशों को दबोच लिया जाएगा।
सूरजभान, मीरपुर चौकी इंचार्ज, थाना धारूहेड़ा----------