पुलिस थाने से महज सौ मीटर दूर एटीएम बूथ से मशीन उखाड़ एक बार फिर बदमाशों नें शहर में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था का दावे करने वाली पुलिस को खुली चुनौती दी है।
मशीन में शुक्रवार को ही नकदी डाली गई थी हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि इसमें कितनी राशि थी। अनुमान है कि करीब 26 लाख रुपये शेष थे। ऐसे में थाने के पास हुई यह वारदात पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़ा कर रही है।
- मशीन में ही थी हार्ड डिस्क
बूथ में जो सीसीटीवी कैमरे लगे थे, उनकी हार्ड डिस्क भी मशीन में ही लगी थी। उसे भी बदमाश साथ ले गए। बैंक प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा हो रहा है कि अलसुबह 3:26 बजे मशीन कंट्रोल रूम से डिसकनेक्ट हो गई थी तो इतनी देर बाद पुलिस को सूचना क्यों दी गई। समय रहते सूचना मिल जाती तो पुलिस कुछ हद तक घेराबंदी कर सकती थी।
नकदी की स्थिति क्लीयर नहीं
पीएनबी की मशीन में कितनी राशि थी, इसकी कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस का कहना है कि मशीन में राशि डालने के लिए हायर की गई एजेंसी ही रिकॉर्ड देखकर इसकी जानकारी दे पाएगी। बैंक के एटीएम बूथ की सुरक्षा का जिम्मा उठा रही सुरक्षा एजेंसी ने भी वहां कोई इंतजाम नहीं किया था। बूथ पर किसी गार्ड की तैनाती नहीं की गई थी।
पहले भी हो चुकी है ऐसी वारदातें
एटीएम बूथ से कैश से भरी मशीन चोरी होने का यह कोई नया मामला नहीं है। इससे पहले भी कई वारदात जिले में हो चुकी हैं। सवा साल पहले खोल से बदमाश मशीन उखाड़ ले गए थे। मशीन में करीब 18 लाख रुपये थे। मार्च माह में शहर के झज्जर रोड पुल के नजदीक से एटीएम मशीन उखाड़ी थी। यह मशीन झज्जर के एक गांव में पड़ी मिली थी। इसी साल सीहा गांव से भी बदमाश एटीएम मशीन उखाड़कर ले गए थे। सीहा एटीएम मशीन मामले में पुलिस 3-4 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। बाकी किसी मामले में पुलिस को अभी सफलता नहीं मिल सकी है।
कोट्स
शनिवार और रविवार का अवकाश होने के कारण शुक्रवार शाम को ही मशीन में करीब 26 लाख रुपये की राशि डाली गई थी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि चोरी होने के समय एटीएम में कितनी राशि शेष थी। अभी इसके डाटा की गणना की जाएगी। उसके बाद ही पता लग सकेगा कि कितनी राशि मशीन में थी। - विकास यादव, जीएसएस, सुरक्षा कंपनी कर्मचारी
सुबह करीब 8 बजे पुलिस को मामले की सूचना मिली थी। मौके की जांच सीन ऑफ क्राइम और फ्रिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने की है। जो भी सुराग मिले हैं, उस पर पुलिस टीम कार्रवाई में जुट गई है। - एएसआई सांवल राम, जांच अधिकारी, थाना रामपुरा
पुलिस टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस कई दिशाओं में काम कर रही है। - वीरेंद्र सैनी, डीएसपी