रेवाड़ी पुलिस की सजगता से शहर के बीचों-बीच होने वाली एक डकैती की बड़ी वारदात होते-होते रह गई। नाबालिग समेत पांच बदमाशों के निशाने पर कोई छोटी मोटी दुकान नहीं बल्कि ब्रास मार्केट स्थित मुथूट फाइनेंस थी। कार्रवाई सीआईए रेवाड़ी ने की। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया गया है।
दो रेवाड़ी और दो यूपी के हैं आरोपी
जांचकर्ता एएसआई गिरिराज ने बताया कि शुक्रवार देर रात नेहरू पार्क में गैस कटर के साथ गिरफ्तार किए गए आरोपी रेवाड़ी के गांव धवाना निवासी मुकेश और गौरव हैं। वहीं दो अन्य आरोपी यूपी के जिला शामली निवासी कपिल और एक अन्य नाबालिग है। पुलिस रिमांड के दौरान तीनों आरोपियों से फरार हुए हथियारबंद बदमाश मनोज उर्फ मोनू की गिरफ्तारी और अन्य वारदातों के लिए पूछताछ करेगी।
गार्ड को बनाना था बंधक
पत्रकार वार्ता करते हुए डीएसपी मो. जमाल ने बताया कि बदमाशों का मंसूबा गिरफ्तारी से कुछ पहले ही डाका डालने का था। इसके लिए बदमाश गैस कटर लेकर मुथूट फाइनेंस की बिल्डिंग तक भी गए थे। यहां उनकी योजना सिक्योरिटी गार्ड को बंधक बना गैस कटर से लॉकर काट लाखों का सोना उड़ाने की थी। लेकिन गार्ड व अन्य कुछ लोगों को जागता देख सभी वापस पार्क में आ गए।
डेढ़ साल पहले 7 तोला सोने पर लिया था लोन
गिरफ्तार किये गए आरोपी मुकेश ने बताया कि उसने कार पर लोन लेने के लिए करीब डेढ़ साल पहले 7 तोला सोना जमा कराया था। इसके बाद वह लगातार कर्ज में था। जिसके लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मुथूट फाइनेंस में डाका डालने का मन बनाया।
नाबालिग 10वीं का छात्र, अन्य निजी कंपनी में करते थे काम
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चार गिरफ्तार किये बदमाशों में से नाबालिग 10वीं कक्षा का छात्र है। उसके परिवार के लोग खेती-बाड़ी करते हैं। वहीं गौरव और अन्य गिरफ्तार किए गए आरोपी गुड़गांव की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे और दो महीने पहले ही उनकी जान-पहचान हुई थी। बदमाशों ने गैस कटर को धवाना से ही खरीदा था।
बालिग आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद तीन दिन की रिमांड पर लिया है। फरार हथियारबंद आरोपी और पूर्व की वारदातों का पता लगाया जा रहा है।
-मो.जमाल, डीएसपी, जिला रेवाड़ी