रेवाड़ी के सिटी थाना क्षेत्र के शिव नगर और यादव नगर में मंगलवार देर रात हुई फायरिंग की वारदात में पुलिस के हाथ फिलहाल खाली ही हैं। शिव नगर में ठेकेदार की हत्या मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जबकि यादव नगर की घटना में मीट विक्रेता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में शाम तक पुलिस ने मामला ही दर्ज नहीं किया था।
सिटी थाना प्रभारी कर्मबीर खटाना ने बताया कि शिव नगर में ठेकेदार राजबीर की गोली मारकर हत्या के मामले में जिस व्यक्ति के ऊपर संदेह है, लांगरी से उसका हुलिया पता कर तलाश की जा रही है। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। वहीं सुभाष बस्ती निवासी और यादव नगर में मीटकी दुकान किये भूपेंद्र को गोली मारकर जानलेवा हमला करने के मामले में देर शाम तक थाने में मामला दर्ज नहीं हुआ था। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामला मीट की दुकान पर विक्रेता भूपेंद्र से किसी बात पर उसी वक्त हुए झगड़े का नहीं है। बल्कि हमला करने वाले सोची समझी साजिश के तहत योजना बनाकर आए थे। माना जा रहा है कि यह मामला शहर के अन्य छोटे गैंगों से जुड़ा हुआ है।