युवती को बरामद करने और अपहरण के आरोपी गांव के ही युवक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए बुधवार दोपहर जाम लगाने वालों के खिलाफ स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। युवती और गांव का ही युवक पिछले एक हफ्ते से लापता हैं। मामले में पुलिस ने नामजद समेत 60 लोगों के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
गांव निमोठ की एक युवती के गांव के ही युवक के साथ लापता होने के एक सप्ताह के बाद भी दोनों का कोई पता नहीं चल पाने के बाद बुधवार को युवती के परिजनों व ग्रामीणों की पंचायत हुई थी। पंचायत में पुलिस की अनदेखी पर रोष जताते हुए युवती के परिजन और ग्रामीण डहीना चौकी पहुंचे थे और नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी थी।
खोल थाना पुलिस ने सड़क जाम करने के आरोप में निमोठ निवासी अशोक, मुकेश, रणजीत, हरिसिंह, कैलाश, अमित, राम सिंह, नरेश, रामधन, बाबूलाल, ओमदत्त, हनुमान उर्फ अनिल, सुरेंद्र, यशपाल, बीर सिंह, अभय सिंह सत्यवान, मांगेराम, अशोक कुमार, मुकेश कुमार, रणजीत, चिमनलाल की पत्नियों व सात अज्ञात महिलाओं समेत करीब 60 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।