केंद्रीय विद्यालय संगठन की पीआरटी परीक्षा के पेपर लीक मामले का जल्द पटाक्षेप हो सकता है। पुलिस का दावा है कि अगले तीन से पांच दिनों में पूरे गिरोह के मास्टर माइंड से लेकर वारदात की हर कड़ी तक पहुंच हो जाएगी। पेपर लीक मामले में अब तक पुलिस की गिरफ्त में आए लोगों में जहां पुलिस की नजर में रेवाड़ी और खासकर कोसली के आसपास विजय भुरथला के खास लोग हैं।
वहीं अन्य जिले में महेंद्रगढ़ है, जहां के पांच लोग पहले ही गिरफ्तार हुए पंद्रह लोगों में शरीक हैं। इसके अलावा जांच का मुख्य केंद्र दिल्ली है। खुद दिल्ली पुलिस में एसआई रहे विजय भुरथला के अलावा दिल्ली पुलिस के दो जवान इस गिरोह में संलिप्त हैं।
सकारात्मक दिशा में हैं कदम
एसपी बलवान सिंह राणा ने इस मामले में फिलहाल किसी बात का खुलासा करने से इंकार कर दिया। हालांकि उन्होंने इस बात के संकेत जरूर दिए हैं कि पुलिस की जांच और दबिश लगातार सही दिशा में हैं और अगले कुछ दिनों में पुलिस पूरे गिरोह और उसकी हर कड़ी का पर्दाफाश कर सकती है।