रेवाड़ी के औद्योगिक कस्बा धारूहेड़ा के समीप गांव नगररमपुर बास में एक किसान के खेत में कटाई कर रखी गई सरसों की फसल में किसी ने रंजिश के चलते आग लगा दी। जब तक किसान खेत में पहुंचा उसकी पूरी फसल जलकर राख हो चुकी थी। सूचना के बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार किसान कुलदीप चौधरी ने गांव नंदरामपुर बास स्थित अपने खेत में ढाई एकड़ में सरसों की फसल बोई थी। पिछले दिनों उसने अपनी फसल कटाई कर खेत में एकत्रित कर रख दी थी। कुलदीप का कहना है कि गुरुवार की देर रात किसी ने रंजिश के चलते उसकी फसल में आग लगा दी।
खेत में आग लगने की सूचना उसे मिली तो वह मौके पर पहुंचा और साथ ही दमकल विभाग को भी सूचना दी, लेकिन तब तक उसकी सारी फसल जलकर राख हो चुकी थी। शिकायत के बाद धारूहेड़ा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।