रेवाड़ी में चोरों के हौंसले बुलंद होते जा रहे हैं। गांव संगवाड़ी में शुक्रवार रात को चोरों ने दो दुकानों व पूर्व सरपंच के घर में सेंधमारी कर हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। पूर्व सरपंच के घर से बाहर होने के कारण चोरी हुए सामान के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई थी। चोर सीसीटीवी में कैद हो गए है। चोरी की सूचना के बाद डीएसपी राजेश लोहान भी गांव में पहुंच गए। कसौला थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
रवाजे के ताले टूटे मिले
जानकारी के अनुसार गांव संगवाड़ी के पूर्व सरपंच विनोद कुमार घर पर ताला लगा कर परिवार के साथ कहीं गए हुए थे। शुक्रवार की चोरों ने घर के अंदर सेंध लगा दी। शनिवार की सुबह दरवाजे के ताले टूटे देख कर ग्रामीणों ने विनोद को चोरी के बारे में जानकारी दी। पूर्व सरपंच के वापस लौटने के बाद ही घर के अंदर से चोरी हुए सामान की जानकारी मिल पाई।
दो दुकानों में लगाई सेंध
गांव संवागड़ी निवासी नरेश कुमार ने गांव में ही कामन सर्विस सेंटर खोला हुआ है। शनिवार की सुबह वह सेंटर पर पहुंचे तो शटर उखड़ा हुआ था। चोर सीएससी सेंटर में रखी नकदी चोरी कर ले गए। वहीं पर गांव निगानियावास निवासी भीम सिंह ने सरपंच मेडिकोज के नाम से मेडिकल स्टोर खोला हुआ है। चोरों ने मेडिकल स्टोर का शटर उखाड़ कर अंदर रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
सीसीटीवी कैमरे में दिखे चोर
चोरी करने वाले चारों आरोपी मेडिकल स्टोर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। सीसीटीवी में चारों आरोपी आते हुए दिखाई दे रहे है, जिनके हाथ में रॉड भी दिखाई दे रही है। आरोपियों ने आते ही बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को छत की तरफ मोड़ दिया। अंदर लगे कैमरे में एक आरोपी स्टोर के अंदर घुस कर चोरी करता दिखाई दे रहा है।
चोरी की सूचना मिलने के बाद कसौला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की। डीएसपी राजेश लोहान भी सूचना के बाद गांव में पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान का प्रयास कर रही है। शिकायत के बाद पुलिस आरोपियों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।