हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर धारूहेड़ा के निकट अपराध अनुसंधान शाखा (सीआईए) धारूहेड़ा ने एक ट्रक से अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। परचून के सामान के बिल पर ट्रक में शराब भर कर गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस ने ट्रक चालक सहित दो आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के जिला अलवर के गांव अजरका का रहने वाला मुफीद खान व जिला भरतपुर के गांव धीवरी का रहने वाला तस्लीम है।
पुलिस के अनुसार रविवार की शाम को सीआईए धारूहेड़ा की टीम हाईवे पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गुरुग्राम की ओर से आ रहे एक ट्रक में अवैध शराब भरी हुई है। सूचना के बाद पुलिस ने गांव मसानी के निकट नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने गुरुग्राम की ओर से आ रहे एक ट्रक को जांच के लिए रोक लिया।
चालक मुफीद व तस्लीम ने बताया कि ट्रक में परचून का सामान भरा हुआ है। पुलिस ने ट्रक से तिरपाल हटवा कर जांच की तो उसमें सामान भरा हुआ था। पुलिस ने ट्रक के केबिन की जांच की तो उसमें शराब रखी हुई मिली। पुलिस ट्रक को धारूहेड़ा थाना में ले गई। ट्रक के अंदर से अंग्रेजी शराब की 420 बोतल शराब बरामद हुई है।
धारूहेड़ा थाना पुलिस ने चालक मुफीद व तस्लीम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चालकों ने बताया कि वह ट्रक में शराब लेकर अहमदाबाद जा रहे थे। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने आबकारी अधिनियम व धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने ट्रांसपोर्टर व शराब भेजने वाले आरोपी के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने दोनों चालकों को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया।