हरियाणा के रेवाड़ी में चौकी गढ़ी बोलनी पुलिस ने राजस्थान से दो गाड़ियों में शराब ला रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जिला भिवानी के गांव कुंडल निवासी अमित कुमार, जिला चरखी दादरी के गांव शाहुवास निवासी मंजीत, गांव झाबुआ निवासी कृष्ण कुमार, दिल्ली के नजफगढ़ के न्यू रोशनपुरा निवासी राकेश व अमन के रूप में हुई है।
पुलिस को बुधवार की रात सूचना मिली थी कि पांच लोग दो गाड़ियों में राजस्थान से शराब लेकर गढ़ी बोलनी होते बिहार जाएंगे। इसके बाद पुलिस टीम ने गढ़ी बोलनी में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान दो गाड़ियां नाके से बचकर कसोला चौक की ओर निकल गईं। पुलिस ने ईआरवी को सूचना देते हुए कसोला चौक पर जाम लगवा दिया।
वहां दोनों गाड़ियां जाम में फंस गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों गाड़ियों को काबू करकर तलाशी ली तो उनमें शराब भरी हुई थी। दोनों कारों में पांच लोग सवार थे। दोनों गाड़ियों से अंग्रेजी शराब के 572 पव्वे व शराब के 1412 पाउच (180 एमएल) बरामद किए गए। पुलिस ने थाना कसौला में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके सभी 5 आरोपियों अमित कुमार, मंजीत, कृष्ण कुमार, राकेश व अमन को गिरफ्तार कर लिया।