एक युवती को कार चालक से लिफ्ट लेना महंगा पड़ गया। बदमाशों उसे कार में लिफ्ट देने के बाद रेवाड़ी जिले के गांव पाल्हावास के निकट खेतों में ले गए और उससे दुराचार किया।
युवती झज्जर के बस स्टैंड से लिफ्ट लेकर कार में सवार हुई थी। युवती की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार चालक को काबू कर लिया है और फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार गुड़गांव निवासी 20 वर्षीय एक युवती अपने किसी रिश्तेदार के यहां झज्जर जिले के एक गांव में जाने के लिए बुधवार दोपहर झज्जर बस स्टैंड पर पहुंची। यहां वह बस का इंतजार कर रही थी कि इसी दौरान वहां रोहड़ाई निवासी राकेश कार लेकर पहुंच गया। युवती ने उससे कुलाना जाने के लिए लिफ्ट मांग ली।
आरोपी राकेश युवती को कुलाना ले जाने की बजाए सीधे रेवाड़ी जिले के गांव पाल्हावास लेकर पहुंच गया। यहां उसने अपने एक अन्य साथी को भी फोन कर बुला लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी युवती को कार से खेत में ले गए और उसके साथ दुराचार किया। बाद में आरोपी उसे धमकी देकर फरार हो गए।
इसके बाद युवती ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची महिला थाना पुलिस ने उसके बयान लेकर मामला दर्ज किया और कार चालक राकेश को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच कर रही एएसआई मुकेश देवी ने बताया कि राकेश को काबू किया जा चुका है। उसके दूसरी साथी की तलाश की जा रही है।