जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। इन हादसों में जान गंवाने वालों में दो सैनिक, एक किसान और दो सिविलियन थे।
दुर्घटना के कारणों की बात करें तो कहीं विभागों की लापरवाही तो कहीं अव्यवस्थाएं इन मौतों का कारण बनीं। सभी मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अचानक रुकी बस में घुसा बाइक सवार लांसनायक
खोल। रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ रोड पर नांगलमूंदी बस स्टैंड के पास एक बस के अचानक ब्रेक लेने से पीछे से बाइक टकराने के कारण सेना में तैनात लांस नायक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खोल खंड के खालेटा निवासी संदीप (30) सेना में लांस नायक पर तैनात था।
परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां हैं। संदीप की श्रीनगर से हाल ही में उसकी पोस्टिंग आगरा हुई थी। सोमवार को ही वह गांव पहुंचा था और रेवाड़ी किसी काम से आया था। बाइक से घर वापस लौटते समय नांगलमूंदी के पास आगे चल रही एक निजी बस ने अचानक ब्रेक लगा लिए। इससे पीछे से बाइक पर आ रहा संदीप बाइक समेत बस से टकरा गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल फौजी संदीप की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में प्राइवेट बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिम से लौट रहे जवान की मौत
गांव मस्तापुर निवासी फौजी की भी सोमवार देर रात झज्जर पुल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। सेना में नायक दो महीने की छुट्टी पर दस दिन पहले ही रेवाड़ी आया था और सोमवार रात को रेवाड़ी से जिम कर बाइक पर लौट रहा था।
मूल रूप से गांव मस्तापुर निवासी बिजेंद्र(26) वर्तमान समय महाराष्ट्र के नासिक में सेना में नायक के पद पर तैनात है। करीब दस दिन पहले ही वह दो महीने की छुट्टी पर घर आया था और फिटनेस फ्रीक होने के चलते उसने रेवाड़ी में जिम ज्वाइन की हुई थी।
सोमवार देर रात वह जिम करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। झज्जर पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। राहगीरों ने मामले की जानकारी पुलिस को देने के साथ ही गंभीर रूप से घायल विजेंद्र की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
साले की शादी से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
रेवाड़ी। साले की शादी में शरीक होने के बाद वैन पर सवार होकर रिश्तेदारों के साथ वापस रेवाड़ी लौट रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा हाइवे पर अचानक सामने आई नीलगाय के टकराने से हुआ।
जानकारी के अनुसार गांव बोलनी निवासी पवन कुमार के साले की चरखी दादरी में दो दिन पहले शादी थी। सोमवार रात चरखी दादरी से पवन अपने रिश्तेदारों के साथ वापस लौट रहा था।
बुड़ौली गांव के पास सड़क पर अचानक नीलगाय आ गई और मारुति वैन से जा टकराई। दुर्घटना के बाद वैन असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर लाया गया। जहां पवन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों गांव छावन निवासी जोगेंद्र व राकेश, गांव गैलपुर निवासी राजकुमार, किशनगढ़ बास निवासी सोनू और कोटपुतली निवासी मनीष घायल हो गए।
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक की मौत
धारूहेड़ा। धारूहेड़ा के सेक्टर-6 के पास दो बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार सोमवार रात गांव कापड़ीवास निवासी चुन्नीलाल गांव से हाइवे की ओर जा रहा था।
वहीं, गांव अलावलपुर निवासी बिजेंद्र गांव कापड़ीवास की ओर जा रहा था। सेक्टर-6, धारूहेड़ा के पास दोनों बाइक में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। सूचना पर पहुंची धारूहेड़ा पुलिस ने दुर्घटना के दोनों घायलों को उपचार के लिए गुड़गांव स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान बिजेंद्र ने दम तोड़ दिया। वहीं, चुन्नीलाल की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।