रेवाड़ी (धारूहेड़ा)। धारूहेड़ा कस्बे के खरखड़ा मोड़ के निकट हाईकोर्ट की पूर्व जज निर्मल यादव के अविराज वर्ल्ड स्कूल का प्राचार्य बच्चों की करीब ढाई लाख रुपये की फीस लेकर चंपत हो गया। स्कूल की डायरेक्टर पूर्व जज निर्मला यादव की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्राचार्य के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पूर्व जज निर्मल यादव ने धारूहेड़ा पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि खरखड़ा मोड़ के निकट उन्होंने अविराज वर्ल्ड नाम से स्कूल खोला हुआ है। स्कूल में यूपी गाजियाबाद के राजेंद्र नगर के रहने वाले अतुल गोयल को कुछ माह पूर्व प्राचार्य लगाया था। निर्मल यादव का आरोप है कि स्कूल प्राचार्य ने बच्चों द्वारा जमा कराई गई करीब ढाई लाख रुपये की फीस राशि जब्त कर ली और स्कूल छोड़कर फरार हो गए। कई बार अतुल गोयल से संपर्क करने की कोशिश भी की गई, लेकिन बातचीत नहीं हो पाई। बीती शाम पुलिस को शिकायत देकर आरोपी प्राचार्य के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।