शहर की ब्रास मार्किट स्थित डिमांड फैशन शॉप पर कपडों की खरीदारी करने पहुंचे युवक बिना बिल चुकाए करीब 25 हजार रुपये कीमत के कपड़े लेकर फरार हो गए।
दुकानदार ने पैसे न देने पर उनसे कपडों बैग छीनने का प्रयास भी किया, लेकिन आरोपी बाइकों पर सवार होकर मौके से निकलने में कामयाब रहे।
साथ ही आरोपियों में शामिल एक युवक ने अपना नाम करण गुर्जर बताते हुए दुकानदार को किसी से भी इसकी सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित दुकानदार ने मंडी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शहर के सेक्टर 4 निवासी राकेश मनचंदा ब्रास मार्किट में डिमांड फैशन बिगिन के नाम से शॉप है। रोजाना की भांति शनिवार को शॉप पर अपने तीन अन्य साथी कर्मचारियों के साथ थे। बतौर राकेश दोपहर करीब 2.30 बजे एक-एक करके करीब सात युवक दुकान में कपडे खरीदने के लिए पहुुंचे।
इन युवकों ने काफी देर तक दुकान में अपनी व अपने साथियों की पसंद के कपडे खरीदने के लिए चुने। इन युवकों ने दुकान से 13 जींस, 5 लोवर, 18 शर्ट, 2 टी शर्ट समेत कुल 38 कपडे पसंद कर बैग में पैक करवा लिए।
इतने सारे कपडों की खरीदारी किए जाने पर युवकों ने दुकानदार को बताया कि वह सभी साथी पिकनिक मनाने जा रहे हैं। इसके बाद जब युवकों ने बिल पूछा तो दुकानदार ने हिसाब लगाकर उन्हे कुल 24 हजार 950 रुपये का बिल बताया।
जिस पर इनमें से एक युवक ने कहा कि मैं वो करण गुर्जर हूं, जिसने कृष्ण आहाते वाले को गोली मारी थी। सही हिसाब लगा लो। इसके बाद युवक ने कहा कि वह 15 हजार रुपये अभी बाहर सेे लाकर दे रहा हूं और बाकी 8 हजार रुपये बाद में लौटने के बाद दूंगा।
राकेश ने कहा कि वह उसे नहीं जानता तो पैसे कैसे उधार कर सकता है। इसके बाद एक-एक करके उसके साथी दुकान से बाहर निकल गए। करण गुर्जर नाम बताने वाले युवक भी कपडों का बैग लेकर दुकान से बाहर निकल गया।
उसके पीछे राकेश भी कपडों बैग खींचते-खीचते बाहर निकला, लेकिन पहले से ही दो बाइकों को स्टार्ट किए खडे उसके साथियों के साथ वह भी किसी को कुछ भी बताने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
इसके बाद राकेश ने तुरंत ब्रास मार्किट के प्रधान महेंद्र छाबड़ा को उनकी दुकान पर घटना की सूचना देनी चाही, लेकिन वह दुकान नहीं मिले। जिसके बाद राकेश अनाज मंडी स्थित पुलिस चौकी पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी दी।
जिसके बाद पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज किए और मौके का मुआयना किया। पुलिस ने मार्किट में लगे सीसीटीवी भी खंगालने की कोशिश की, लेकिन कोई भी सीसीटीवी बाहर की तरफ न लगा होने के कारण कोई क्लू नहीं मिल सका।
------------
-पांडुपोल व भर्तरी घूमने जाने की बात कर रहे थे बदमाश
दुकानदार ने इतने सारे कपडे खरीदने पर युवकों से पूछा था कि अब तो शादी का सीजन भी नहीं, फिर वह किस लिए इतने कपडे खरीद रहे हैं, जिस पर कपड़े खरीदने आए आरोपी युवक राजस्थान के अलवर जिले में पांडूपोल व भर्तरी पिकनिक मनाने जाने की बात कर रहे थे। उन्होंने अपने लिए व अपने साथियों के लिए कई जोडे कपड़े खरीदने की बात कही।
-----------
पीड़ित दुकानदार के बयान पर केस दर्ज कर ली गई है। साथ आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम भेजी गई है।
-मुकेश देवी, इंचार्ज, अनाज मंडी पुलिस चौकी, रेवाड़ी
----------------जितेंद्र