किसान से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का एक मामला प्रकाश में आया है। सदर थाने ने किसान की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। परेशान गांव दौलतपुर के किसान ने डीएसपी से मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
नया गांव दौलतपुर निवासी ओंकार उर्फ हरि यादव पेशे से किसान हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होेंने बताया कि रविवार रात उन्हें घर में एक लिफाफा रखा हुआ मिला। लिफाफे में दस लाख रुपये बतौर रंगदारी मांगे गए थे। रंगदारी न देने पर किसान हरि यादव और उसके बेटे अंकित को मारने की धमकी दी गई थी। धमकी देने वाले ने अपना नाम जंगा यादव लिख रखा है। डीएसपी सतपाल सिंह से मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पहले मांगे गए थे 20 लाख रुपये
किसान हरि यादव के मुताबिक रंगदारी मांगने का यह पहला मामला नहीं है। करीब महीने भर पहले भी उसे रंगदारी न देने पर धमकी भरा पत्र मिला था। तब रंगदारी के तौर पर 20 लाख रुपयों को डिमांड की गई थी। इस बार मिले धमकी भरे खत में पिछली बार रुपये न देने की बात भी लिखी थी।
----------
मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है। जो भी दोषी पाया जाता है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-जगदीश सिंह, एसएचओ, सदर थाना।