साइबर ठगों ने यू ट्यूब व फेसबुक पर अश्लील वीडियो वायरल होने के मामले में गिरफ्तारी का डर दिखाकर शहर निवासी एक व्यक्ति से 19.76 लाख रुपये ठग लिए। उन्होंने सोशल मीडिया से वीडियो हटाने के नाम पर ठगी की। ठगों ने खुद को आईपीएस अधिकारी व मीडियाकर्मी बता कर पीड़ित से बात की थी। पीड़ित ने अश्लील वीडियो डिलीट कराने के लिए बैंक से लोन लेकर व जमीन गिरवी रख कर साइबर ठगों को लाखों का भुगतान कर दिया। शनिवार को पीड़ित ने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस को दी शिकायत में शहर निवासी एक व्यक्ति ने कहा है कि 7 मई को उनके पास अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि वह दिल्ली द्वारका सेक्टर-16 साइबर क्राइम ब्रांच से आईपीएस राठौड़ बोल रहा है।
उसने बताया कि यू ट्यूब पर तुम्हारे कई अश्लील वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वह किसी मीडिया वाले से मिलकर तुरंत ही इन वीडियो को हटा दें नहीं तो वह उसे घर से गिरफ्तार करके लाएगा।
उसी ने मदद के लिए पीड़ित को मीडियाकर्मी राहुल शर्मा का मोबाइल नंबर भी दिया। पीड़ित ने राहुल शर्मा से कॉल कर बात की तो उसने सभी वीडियो हटाने के लिए 12 हजार 100 रुपये जमा कराने के लिए कहा। उसने बताया कि यह राशि वीडियो डिलीट होने के बाद वापस मिल जाएगी। पीड़ित ने यह राशि अनुराधा नाम के बैंक खाते में जमा करा दी और रसीद राहुल शर्मा को भेज दी।
मीडियाकर्मी बनकर बात कर रहे साइबर ठग ने पीड़ित को मोबाइल सिम को तोड़ कर फेंकने के लिए कहा और उनकी बेटी के मोबाइल नंबर से बात करने को कहा। राहुल शर्मा ने बताया कि उनकी कुछ वीडियो डिलीट हो गई और कुछ अभी बाकी हैं, जिनको डिलीट करने के लिए 71 हजार 500 रुपये यू ट्यूब के कार्यालय में जमा कराने होंगे। पीड़ित ने दिए गए बैंक खाते में यह राशि भी जमा करा दी।
एक एकड़ जमीन गिरवी रख चुकाए पैसे
अगले दिन फिर से साइबर ठग ने क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए गिरफ्तारी का डर दिखाया। ठगों की रुपयों की डिमांड बढ़ती चली गई। पीड़ित ने बैंक से ओवरड्राफ्ट लोन लेकर साइबर ठगों को रुपये देने शुरू कर दिए। अगले दिन पीड़ित को बताया कि यू ट्यूब से उनके वीडियो डिलीट हो गए हैं, लेकिन अब फेसबुक पर वायरल हो गए हैं। उन्हें इसके लिए और रुपये जमा कराने होंगे। लोन की राशि खत्म होने के बाद पीड़ित ने अपनी एक एकड़ जमीन भी गिरवी रख दी और कुल 19 लाख 76 हजार 600 रुपये जमा करा दिए। इसके बाद भी साइबर ठगों की डिमांड जारी रही।
पीड़ित ने साइबर ठगों को बताया कि उसके सारे रुपये खत्म हो गए हैं। जमीन गिरवी रखने बाद अब उसके पास कुछ नहीं बचा है। इसके बाद राहुल शर्मा ने कुछ समय में सारी राशि वापस जमा कराने का आश्वासन दिया और कॉल काट दी। इसके बाद आरोपियों से कोई संपर्क नहीं होने पर शनिवार को पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। साइबर थाना पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।