पुलिस को पीछा करते देख बदमाशों ने पांच किमी दूर स्थित गांव रालावास में कार छोड़ पैदल दौड़ लगा दी। पुलिस ने पैदल दौड़ रहे एक बदमाश को दबोचा है रोहड़ाई थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा आलमपुर में पीएनबी की ब्रांच है। बुधवार शाम चार बजे बैंक में चार-पांच हथियारबंद बदमाश घुसे और एक हवाई फायर करते हुए कैशियर को गन प्वाइंट पर ले लिया।
बदमाशों ने कैशियर से 3.03 लाख रुपये लूट लिए और बाहर न निकलने की धमकी दी। चंद ही मिनटों में वारदात को अंजाम दे बदमाश बैंक के बाहर खड़ी कार में जा बैठे। बैंक के बाहर लोगों और स्टाफ को आता देख बदमाशों ने दो से तीन राउंड हवाई फायर किए और भाग गए। सूचना पर रोहड़ाई थाना पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। घटनास्थल से पांच किमी दूर गांव राजावास में बदमाश कार छोड़कर पैदल भाग लिए। खेतों की ओर भागते समय पुलिस ने एक बदमाश को दबोच लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है। देर रात पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था।
मीडियाकर्मी का छीना कैमरा, क्षेत्र बना छावनी
घटना के बाद झल्लाई पुलिस घटनास्थल पर अभद्रता करती दिखी। डीएसपी कोसली वीरेंद्र सिंह ने बैंक के अंदर किसी मीडिया कर्मी का जाना तो बैन किया ही, साथ में बाहर से कवरेज कर रहे एक मीडियाकर्मी का कैमरा भी छीन लिया। यही नहीं कुछ ही देर बाद बैंक से कुछ दूरी और गांव राजावास के बाहर ही पुलिस के 50 से ज्यादा जवान लगा दिए। मौके पर जिले के चारों डीएसपी के साथ ही पुलिस कप्तान भी मौजूद रहे। हालांकि घटना के संबंध में पुलिस और बैंक अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं।