बावल की सब्जी मंडी में मसाले की दुकान चलाने वाले दो सगे भाइयों पर मंगलवार शाम बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें बावल के बाद रेवाड़ी नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां हालत में सुधार न होने पर रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। इससे एक दिन पहले ही बदमाशों ने दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने अब इस मामले में केस दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
बावल के मोहल्ला जटवाडा निवासी महाबीर सैनी के बेटे राहुल व सचिन की सब्जी मंडी में मसाले की दुकान है। दोनों भाई मंगलवार की शाम दुकान पर बैठे हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान लाठी-डंडों से लैस होकर मोहल्ला गुजरान निवासी राजू, प्रदीप उर्फ भुट्टू, कुलदीप, राहुल, सुरेंद्र, मुनीम पहुंचे और दोनों भाइयों पर हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए।
वारदात के बाद व्यापारियों में रोष फैल गया। वे सीधे थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। व्यापारियों का कहना था कि वारदात से पहले दोनों भाइयों को मिली धमकी की शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। यदि समय रहते कार्रवाई होती तो यह हमला नहीं होता। पुलिस की लचर कार्यप्रणाली से ही बदमाशों के हौसले बुलंद हैं।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे। अभी मामले की पड़ताल भी की जा रही है कि आखिर हमला क्यों किया गया।
नरेंद्र सिंह, एसएचओ, बावल