रेवाड़ी। अमेरिकी नागरिक से न तो लूट हुई हुई है और न ही कोई छीनाझपटी। अभी तक पुलिस भी यही कह रही है कि वह स्वयं संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रही है।
इस मामले में अभी तक अमेरिकी नागरिक ने कोई शिकायत नहीं दी है। उधर, वारदात के बाद अमेरिकी एंबेसी को सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारियों के कहने पर सुबह 10.30 बजे एसपी मनबीर और आईजी ममता सिंह पहले मौके पर और उसके बाद ट्रामा सेंटर पहुंचे। उन्होंने करीब 15 मिनट मैथ्यू विकरी से बंद कमरे में पूछताछ की और फिर पुलिस ने धारा 323 और 341 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस और अस्पताल का ढीला रवैया
मामले में पुलिस और ट्रामा सेंटर दोनों का ही पहले ढीला रवैया सामने आया। पहले पुलिस ने घायल मैथ्यू को ट्रामा सेंटर ले जाने में ही देरी की। गोकल गेट चौकी पुलिस ने मामले की जानकारी आलाधिकारियों को तक को नहीं दी। डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से ही हुई।
वहीं ट्रामा सेंटर में उपचार के बाद रात को ही मैथ्यू को डिस्चार्ज कर दिया गया और उसे रेवाड़ी जंक्शन पहुंचाया गया। बाद में विदेशी नागरिक का मामला होने पर उसे ट्रामा सेंटर में दोबारा भर्ती किया गया।
कुछ सवाल जिनका नहीं है जवाब
- अमेरिकन युवक मैथ्यू पर सिर्फ हमला हुआ है। लूट या छीनाझपटी होने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। ऐसे में उस पर हमला किसने और क्यों किया।
- मंडोर एक्सप्रेस का रेवाड़ी जंक्शन पर महज 2 मिनट का ही ठहराव है। ऐसे में मैथ्यू ट्रेन और जंक्शन छोड़कर रेलवे चौक के आसपास क्यों गया।
- जानलेवा हमला होने के बावजूद मैथ्यू ने मामले में किसी तरह की कार्रवाई से साफ इंकार क्यों कर दिया है।
पीड़ित अमेरिकी युवक ने अपने लिखित बयान में किसी तरह की कार्रवाई से इंकार किया है। हालांकि पुलिस मामले में खुद संज्ञान लेते हुए कार्रवाई कर रही है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। - वीरेंद्र सैनी, डीएसपी