कोसली क्षेत्र के चांग गांव के समीप रविवार सुबह एक कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार मां-बेटी की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य घायल हो गए। ये परिवार कार से दिल्ली में एक शादी समारोह में शरीक होने जा रहा था।
पुलिस के अनुसार गांव गुड़ियानी निवासी राकेश सुबह अपनी पत्नी नीरू (35), बेटी चहक (10) व भतीजी के साथ कार से दिल्ली एक रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। गुड़ियानी से महज पांच किलोमीटर चलने पर करीब 11 बजे कार असंतुलित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए पलट गई।
परिवार ने ये कार गांव से किराए पर ली थी, जिसे गांव का सोनू चला रहा था। दुर्घटना का पता लगते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों और राहगीरों ने मामले की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को दी। इसके साथ ही गाड़ी सवारों को उपचार के लिए पाल्हावास ले जाया गया। यहां नीरू और चहक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया गया। वहीं घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेवाड़ी के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
-प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गाड़ी के अचानक असंतुलित होने के चलते हादसा हुआ है। दुर्घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए पाल्हावास भिजवाया था। जहां मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं अन्य का उपचार रेवाड़ी में चल रहा है।
-जगदीश प्रसाद, थाना इंचार्ज, रोहड़ाई थाना